बिहार के 211 डिग्री कॉलेजों का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, 30 नवंबर से विक्रमशिला सेतु पर परिचालन होगा शुरू: मुख्यमंत्री
भागलपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बिहार में उच्च शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत काशील गांव में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री न केवल स्थानीय नवनिर्मित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया, बल्कि भागलपुर की इसी पावन धरती से पूरे बिहार के 211 डिग्री कॉलेजों का वर्चुअल माध्यम से महा-लोकार्पण कर राज्य को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा के इस महा-लोकार्पण के साथ ही आधी आबादी यानी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक और बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री 6 विशेष ‘पिंक बसों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं बिहार के बहुप्रतीक्षित विक्रमशीला ब्रिज को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 नवंबर 2026 से विक्रमशिला सेतु पर परिचालन पूरी तरह आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार भी पटना से पहुंचें हैं। इसके अलावा स्थानीय सांसद अजय कुमार मंडल और विधायक शुभानंद मुकेश भी इस कार्यक्रम में शामिल हैं। काशील गांव में नए डिग्री कॉलेज के शुरू होने से न केवल इस प्रखंड बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं का सालों पुराना सपना सच हुआ।
स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों में इसे लेकर बेहद खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब हमारे बच्चों को, विशेषकर बेटियों को, उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अपना घर छोड़कर दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर तेजी से सुधरेगा। इस वीआईपी कार्यक्रम की संवेदनशीलता और भव्यता को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए थे। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

