home page

नवादा के कौआकोल बाजार में कपड़ा दुकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

 | 
नवादा के कौआकोल बाजार में कपड़ा दुकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख


नवादा, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले में कौआकोल बाजार स्थित रिहायशी इलाके में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब सखी सहेली वस्त्रालय नामक कपड़ा दुकान में अचानक आग लग गई।

आग लगने की वजह बिजली के शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, दुकान एवं मकान के मालिक उपेन्द्र कुमार उर्फ चुनीम साव,पिता बाबूलाल साव के घर-सह-दुकान में अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर धुएं से भर गया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि घर में मौजूद लोगों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।

आग की चपेट में आकर घर में रखी साइकिल,दुकान में रखे बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर,दरवाजे समेत अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस घटना में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के घरों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन