home page

मालदा मंडल द्वारा चलाया गया स्वच्छता अभियान

 | 
मालदा मंडल द्वारा चलाया गया स्वच्छता अभियान


भागलपुर, 20 मई (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून 2026 तक विशेष अभियान मनाया जा रहा है। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में मालदा मंडल द्वारा पूरे मंडल में विभिन्न पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जा रही है।

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के छठे दिन के अंतर्गत बुधवार को भागलपुर, जमालपुर एवं साहिबगंज रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे यात्रियों एवं रेल उपयोगकर्ताओं के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त, लोको शेड, जमालपुर परिसर में आज एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जो वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), जमालपुर, कृष्ण कुमार दास के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

यह रैली लोको शेड के मुख्य द्वार से प्रारम्भ होकर शेड परिसर में ही सम्पन्न हुई। रैली में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल) सहित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिए सप्ताह में कम-से-कम एक दिन साइकिल से कार्यालय आने का संकल्प लिया। इस अवसर पर, सीएमपीई (डी एंड डी एम) द्वारा निष्प्रयोज्य विद्युत इंजनों से प्राप्त सामग्रियों के उपयोग से विकसित एक नवीन कंप्रेसर यूनिट तथा हिताची स्टेटर्स के वोल्टेज ड्रॉप परीक्षण के लिए करंट इंजेक्शन मशीन का भी उद्घाटन किया गया, जो मंडल में नवाचार एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर