home page

सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, दो उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर मिले अनुपस्थित

 | 
सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, दो उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर मिले अनुपस्थित


सुपौल, 31 मार्च (हि.स.)। सिविल सर्जन बाबू साहब झा ने मंगलवार को सदर प्रखंड क्षेत्र के बेरो, परसरामा, सुखपुर और बलहा उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।

निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन सुबह करीब 10 बजे सुखपुर और बेरो उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इस दौरान दोनों केंद्रों पर डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए संबंधित डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा है। सिविल सर्जन ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना जरूरी है ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र