home page

दरभंगा एम्स का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर सामूहिक उपवास

 | 
दरभंगा एम्स का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर सामूहिक उपवास


दरभंगा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘दरभंगा एम्स बनाओ अभियान’ एवं नागरिक समाज, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को लहेरियासराय पोलो मैदान स्थित धरना स्थल पर एक दिवसीय सामूहिक उपवास आयोजित किया गया। अध्यक्षता उमेश राय ने की, जबकि संचालन आनंद मोहन ने किया।

सामूहिक उपवास के दौरान आंदोलनकारियों ने दरभंगा एम्स का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि दरभंगा एम्स उत्तर बिहार के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। निर्माण में विलंब से दरभंगा सहित मिथिला, कोसी और उत्तर बिहार के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलने में देरी हो रही है।

आंदोलनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने दरभंगा में एम्स की स्थापना को मंजूरी दी है और परियोजना के लिए 1264 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू होने में हो रही देरी को लेकर नागरिक समाज में चिंता है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाकर एम्स को शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग की।

कार्यक्रम को भाकपा माले के जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, सीपीआई के जिला सचिव नारायण जी झा, सहायक जिला मंत्री राजीव कुमार चौधरी, सीपीआई (एम) के जिला सचिव मंटुन ठाकुर, दिलीप भगत, राजद नेता भोलू यादव, उदय शंकर चौधरी, रामबृक्ष यादव, सुभाष पासवान, लक्ष्मेश्वर सिंह उर्फ पप्पू सिंह, वसी अहमद, विश्वनाथ मिश्र, मणिकांत झा, सुधीर राय, राजू मिश्रा, हरे कृष्णा राम, मोहम्मद कलाम, पूर्व प्राचार्य रमेश यादव, प्रो. सतनारायण पासवान, प्रो. रामबाबू चौपाल, प्रो. विनोद शाह, प्रो. राहत अली, कामेश्वर पासवान सहित अन्य ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित एम्स में 750 बेड, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं विकसित की जानी हैं। इसके निर्माण से क्षेत्र के मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra