अक्षय तृतीया से पहले कटिहार में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता प्रभात फेरी
कटिहार, 18 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया पर बाल विवाह की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में शहर में प्रभात फेरी निकाली गई।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने किशोरियों को हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी का शुभारंभ किया। वे खुद भी किशोरियों के साथ प्रभात फेरी में शामिल हुए और अम्बेडकर चौक, हनुमान मंदिर होते हुए समाहरणालय परिसर तक पैदल मार्च किया।
प्रभात फेरी में किशोरियों ने “बाल विवाह बंद करो”, “बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ”, “सशक्त नारी सशक्त समाज” के नारे लगाए। नारों से पूरे रास्ते जागरूकता का माहौल बना और आमजन तक सकारात्मक संदेश पहुंचा। आयोजन का मकसद बाल विवाह जैसी कुप्रथा के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराना था।
कार्यक्रम के बाद उपस्थित किशोरियों के बीच माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य किशोरियों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है। इसे खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बाल विवाह की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और इसे रोकने में सहयोग करें। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि जिले में बाल विवाह पर प्रभावी रोक लगे और जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव आए।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

