home page

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रथ रवाना,डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 | 
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रथ रवाना,डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


अररिया 05 नवम्बर(हि.स.)।बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा आमजनों के जागरूकता के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को जन-जागरूकता रथ रवाना किया गया।डीएम विनोद दूहन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। जागरूकता रथ जिले की सभी 211 ग्राम पंचायतों के साथ-साथ सभी नगर पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बाल विवाह उन्मूलन का संदेश पहुंचाया जा सके।

इस अवसर पर डीएम विनोद दूहन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जिसका बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम में डीपीओ,डीएसपी हेडक्वार्टर, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, डीडब्ल्यूओ, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, निगम एवं डीएचईडब्ल्यू के सभी कर्मी तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर