home page

जियापोखर थाना में चाइल्ड हेल्प डेस्क का उद्घाटन, बच्चों को मिलेगा बाल-अनुकूल माहौल

 | 
जियापोखर थाना में चाइल्ड हेल्प डेस्क का उद्घाटन, बच्चों को मिलेगा बाल-अनुकूल माहौल


किशनगंज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में जियापोखर थाना परिसर में शुक्रवार को चाइल्ड हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के आदेशानुसार स्थापित किए गए इस हेल्प डेस्क का उद्देश्य बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई को अधिक संवेदनशील, प्रभावी और बाल-अनुकूल बनाना है।

चाइल्ड हेल्प डेस्क के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को अपनी समस्याएं भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण में रखने का अवसर मिलेगा। बच्चों से संबंधित किसी भी मामले में उनकी बातों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा तथा परिस्थितियों के अनुरूप नियमानुसार आवश्यक सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि थाना पहुंचने वाले बच्चों को सामान्य पुलिस कार्रवाई की औपचारिकताओं के बीच असहज स्थिति का सामना न करना पड़े।

थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। हेल्प डेस्क के जरिए बच्चों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समझने और उनका उचित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी प्रकार का भय या दबाव महसूस न हो, इसके लिए बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

पुलिस के अनुसार चाइल्ड हेल्प डेस्क बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से बच्चों और पुलिस के बीच भरोसा मजबूत होगा तथा बाल संरक्षण से संबंधित मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह