home page

मां श्यामा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

 | 
मां श्यामा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी


दरभंगा, 21 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज 22 नवंबर को दरभंगा स्थित प्रसिद्ध मां श्यामा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। न्यास गठन के बाद वर्ष 2007 से अब तक मुख्यमंत्री के रूप में मंदिर पहुंचने वाले वे दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। इससे पूर्व 16 दिसंबर 2012 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंदिर पहुंचकर मां श्यामा जानकी भवन का उद्घाटन किया था।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मां श्यामा मंदिर न्यास समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन सहित स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। न्यास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति प्रो. एसएम झा, सचिव सह जिलाधिकारी कौशल कुमार तथा प्रभारी कोषाध्यक्ष डॉ. रविरंजन तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पहुंचने के बाद मंदिर में लगभग दस मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधान पुजारी उन्हें विधिवत पूजा कराएंगे। इस दौरान न्यास समिति के संरक्षक सह नगर विधायक संजय सरावगी मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। साथ ही उन्हें मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और नेपाल सहित मिथिलांचल के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से अवगत कराएंगे।

इस अवसर पर सचिव सह जिलाधिकारी मंदिर के प्रस्तावित विकास कार्यों का नक्शा भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इसके माध्यम से मंदिर परिसर के भावी विकास की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पूजा-अर्चना एवं मंदिर से संबंधित कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री विद्यापति पर्व समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra