home page

विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को किया गया अर्घ्य प्रदान

 | 
विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को किया गया अर्घ्य प्रदान


अररिया 15 नवम्बर(हि.स.)।

लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पर्व के तीसरे दिन रविवार को विभिन्न नदियों,नहरों,तालाबों और पोखरों में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया गया।अररिया जिला में परमान,बकरा,रतुआ सहित अन्य पहाड़ी नदियों के साथ विभिन्न तालाबों और पोखरों में जल में खड़े होकर छठव्रतियों ने भगवान भास्कर की लोन परंपरा के अनुसार पूजा अर्चना की।छठ को लेकर जिला प्रशासन और नगर परिषद प्रशासन की ओर से घाट निर्माण के साथ साफ सफाई और रोशनी का उत्तम प्रबंध किया गया।

घाटों पर छठव्रतियों के वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रुम बनाया गया था,जहां जल में खड़े होकर पूजा आराधना के बाद छठव्रतियों ने अपने वस्त्र बदले।वहीं घाटों पर विधि व्यवस्था संधारण और सुरक्षा को लेकर निर्मित वाच टावर से पुलिस के जवान निगरानी करते नजर आये।जिला प्रशासन की ओर से छठ घाट सहित आने जाने वाले रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और बलों के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति रही,जो भीड़ को नियंत्रित करते देखे गए।अररिया में परमान नदी,त्रिशूलिया घाट,नहर सहित अन्य पोखरों और तालाबों में भगवान भास्कर की आराधना की गई।वहीं फारबिसगंज में कोठीहाट नहर,भागकोहलिया, मझुआ,डॉ अलख निरंजन का पोखर,सुल्तान पोखर,सीताधार,श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर छठव्रती एकत्रित होकर आराध्य देव भगवान भास्कर की पूजा अर्चना की।

छठ को लेकर घाटों की साफ सफाई के साथ केला के पौधे से आकर्षक ढंग से सजाया गया।प्रवाहित जल में छठव्रती के साथ प्रकृति प्रदत्त समानों के साथ सजे दौरे और कोनिया और उस पर जलते दीप एक अलग ही शमा बांधा।घाट के साथ नगर में भी विशेष साफ सफाई और रोशनी का समुचित प्रबंध प्रशासन के द्वारा किया गया।सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य प्रदान करने के साथ ही लोक आस्था के इस महापर्व का समापन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर