home page

छठ पर रेलवे की बड़ी सौगात, सीवान होकर गुजरेंगी दो स्पेशल ट्रेनें

 | 

सीवान, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो और त्योहार विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।

पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पंजाब से बिहार के विभिन्न जिलों के लिए चलाई जा रही ये दोनों विशेष ट्रेनें सीवान होकर गुजरेंगी। इससे पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को छठ के दौरान घर पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

रेलवे की ओर से पहली ट्रेन 04672 छेहरटा-जयनगर त्योहार विशेष के रूप में 13 नवंबर को एकल यात्रा के लिए चलाई जा रही है। यह ट्रेन छेहरटा से रात 10:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 9:02 बजे सीवान पहुंचेगी। यहां से 10 मिनट बाद 9:12 बजे छपरा के लिए रवाना होगी। ट्रेन छपरा रात 10:20 बजे, हाजीपुर रात 11:55 बजे पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी होते हुए सुबह 6 बजे जयनगर पहुंचेगी।

इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के नौ, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक, सामान्य द्वितीय श्रेणी के दो तथा अन्य दो कोच सहित कुल 14 कोच लगाए गए हैं।

वहीं, दूसरी ट्रेन 04670 लुधियाना-कटिहार त्योहार विशेष का परिचालन 14 नवंबर को एकल यात्रा के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन लुधियाना से सुबह 6:30 बजे खुलेगी और अगले दिन रात 1 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहां से देवरिया सदर और भटनी होते हुए सुबह 3:40 बजे सीवान पहुंचेगी। ट्रेन सीवान से 3:42 बजे छपरा के लिए रवाना होगी और सुबह 4:40 बजे छपरा पहुंचेगी।

इसके बाद सोनपुर, हाजीपुर, बछवारा, बरौनी, खगड़िया और मानसी होते हुए दोपहर 2 बजे कटिहार पहुंचेगी।

इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 और एलएसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे की इन दोनों विशेष ट्रेनों के परिचालन से सीवान और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले छठ व्रतियों एवं यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। खासकर पंजाब से लौटने वाले लोगों को त्योहार के दौरान यात्रा में राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma