home page

वीरपुर में छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह ने लगाया जनता दरबार

 | 
वीरपुर में छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह ने लगाया जनता दरबार


सुपौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नीरज कुमार सिंह विधायक सह पूर्व मंत्री, क्षेत्र भ्रमण के दौरान आज वीरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने आईबी परिसर में जनता दरबार लगाया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।

जनता दरबार के दौरान भीमनगर बाजार में लगातार हो रही विद्युत कटौती का मामला प्रमुखता से उठा। विधायक ने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारिक क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति से आमजन और व्यवसायियों को कठिनाई हो रही है, जिसे शीघ्र दूर किया जाए।

इसके अलावा बनेलीपट्टी में भूमि विवाद के मामले को भी गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की तथा निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और कानून व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाएगी।

विधायक ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनता दरबार के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र