home page

चेहल्लुम पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक

 | 
चेहल्लुम पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक


सुपौल, 01 अगस्त (हि.स.)। आगामी चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शनिवार मोसमाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। अधिकारियों ने पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष चेहल्लुम पर्व 4 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी चेहल्लुम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र