home page

चैती छठ को लेकर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड

 | 
चैती छठ को लेकर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड


भागलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के बरारी सीढ़ी घाट पर आस्था के महापर्व चैती छठ के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

छठ व्रतियों ने गंगा घाट पर पहुंचकर पवित्र गंगा स्नान किया और घाट किनारे पूजा-अर्चना की। इसके बाद व्रतियों ने गंगाजल भरकर अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान किया। सोमवार को छठ व्रती पूरे दिन निर्जला व्रत रखते हैं और शाम में मिट्टी के चूल्हे पर गन्ने के रस से बनी खीर और रोटी बनाकर सूर्य भगवान को अर्पित करेंगे। प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ व्रती 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का संकल्प लेते हैं।

छठ महापर्व के तीसरे दिन 24 मार्च को डूबते सूर्य को और 25 मार्च को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही आस्था के इस महापर्व का समापन होगा। मान्यता है कि यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की आराधना का महापर्व है, जो परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और संतान के कल्याण के लिए किया जाता है। छठ महापर्व को लेकर भागलपुर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है और बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।

गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची छठ व्रती श्वेता भारती ने बताया कि वह कई वर्षों से छठ व्रत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने छठ मैया से दो पुत्रियों की कामना की थी, जो पूरी हो गई। इसी खुशी में वह इस वर्ष छठ पूजा धूमधाम से कर रही हैं। वहीं गंगा तट पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

एसडीआरएफ टीम के हवलदार संजू सुमन, नवीन कुमार सहित आपदा मित्र तुलसी यादव, अमित कुमार, रूपेश कुमार, संजीव कुमार, अमरजीत कुमार, मोहम्मद आबिद, जनार्दन राम, सनी कुमार, गोरेलाल, मोहम्मद मुस्तकीम, सुशील यादव, सनोज पासवान और नीतीश कुमार को घाटों पर तैनात किया गया है, ताकि छठ व्रतियों और आम लोगों के साथ किसी प्रकार की अनहोनी न हो। सभी एसडीआरएफ टीम और आपदा मित्र अपने-अपने घाटों पर मुस्तैदी से डटे नजर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर