home page

छातापुर में पनोरमा स्टार–2026 का भव्य आयोजन, बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे ने बांधा समां

 | 
छातापुर में पनोरमा स्टार–2026 का भव्य आयोजन, बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे ने बांधा समां


छातापुर में पनोरमा स्टार–2026 का भव्य आयोजन, बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे ने बांधा समां


सुपौल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल, रामपुर के छठे वार्षिकोत्सव के अवसर पर शनिवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छातापुर बाजार स्थित पनोरमा ग्रुप के होटल बंधन परिसर में आयोजित पनोरमा स्टार–2026 कार्यक्रम का उद्घाटन पनोरमा ग्रुप के चेयरमैन संजीव मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर भगत, मुखिया प्रतिनिधि मकसूद मसन और सेवानिवृत्त डीएसपी चंदेश्वरी यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पनोरमा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक स्वागत नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद आयोजित पनोरमा स्टार प्रतियोगिता में छातापुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के तहत नृत्य, गायन और ड्रॉइंग की विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे प्रस्तुति ने माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। उन्होंने “लाल दुपट्टे वाली तेरा नाम तो बता” और “सात समंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गया” जैसे लोकप्रिय गीतों पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं चर्चित कॉमेडियन राज सोनी ने अपने साथी रोमियो के साथ कॉमेडी प्रस्तुति देकर लोगों को हंसी से लोटपोट कर दिया।

इसके अलावा सुर संग्राम फेम अमर आनंद और प्रिया राज ने “ऊर्जा काले कौवा तेरे” और “मिथिला नगरिया नेहाल सखिया” जैसे गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर चेयरमैन संजीव मिश्रा ने कहा कि पनोरमा स्टार कार्यक्रम पिछले आठ वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम को छातापुर में आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बल्कि जरूरत है सही मंच और मार्गदर्शन की। पनोरमा समूह का संकल्प “सुंदर, शिक्षित और समृद्ध छातापुर” बनाना है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पनोरमा स्टार में विशेष रूप से छातापुर के स्थानीय बच्चों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि वे अपने ही क्षेत्र में अपनी कला का प्रदर्शन कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। साथ ही आश्वासन दिया कि आने वाले वर्षों में इस कार्यक्रम का विस्तार और भी बड़े स्तर पर किया जाएगा।

मालूम हो कि पनोरमा स्टार के तहत नृत्य, गायन एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं में प्रत्येक विधा से 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिन्होंने शानदार प्रस्तुति दी और विजेताओं को बॉलीवुड कलाकार के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेजा फैजी, अंशु जायसवाल और विकास कुमार ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र