home page

छातापुर में दर्दनाक हादसा: पोखर में डूबने से 7 साल के मासूम की मौत

 | 
छातापुर में दर्दनाक हादसा: पोखर में डूबने से 7 साल के मासूम की मौत


सुपौल, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत राजेश्वरी थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा पंचायत वार्ड संख्या 11 में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है।

पोखर में डूबने से एक सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक की पहचान कार्तिक कुमार (7 वर्ष), पिता पवन सरदार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।

परिजनों ने बताया कि कार्तिक गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद घर से करीब 500 मीटर दूर एक पोखर से उसका शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि कार्तिक के पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की खबर मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

थानाध्यक्ष युगल किशोर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र