छातापुर सीएचसी का डीएम ने किया निरीक्षण, एनीमिया व मधुमेह जांच में तेजी लाने का निर्देश
सुपौल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छातापुर का निरीक्षण कर अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से एनीमिया एवं मधुमेह की जांच की प्रगति की समीक्षा की और जांच कार्य में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को दिया।
डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर हो सके और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वयं भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्त एवं मधुमेह की जांच कराई। इसके माध्यम से उन्होंने आम लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। इसके बाद डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में स्वच्छता की स्थिति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और व्यवस्था को इसी तरह बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने, जांच एवं उपचार की प्रक्रिया को सुचारु रखने तथा अस्पताल आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

