home page

अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता में छपरा की सुनिधि प्रजापति को मिला प्रथम स्थान

 | 
अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता में छपरा की सुनिधि प्रजापति को मिला प्रथम स्थान


सारण, 18 जून (हि.स.)। विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित अखिल भारतीय छात्र निबंध प्रतियोगिता 2025-26 में छपरा की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया है।

प्रांतीय लोक शिक्षा समिति, बिहार से संबद्ध सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दर्शन नगर, छपरा की दसवीं कक्षा की छात्रा सुनिधि प्रजापति ने किशोर वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

सुनिधि की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

सुनिधि ने हिंदी निबंध प्रतियोगिता में अपनी लेखन शैली, उत्कृष्ट सृजनात्मक क्षमता और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी जागरूकता का परिचय देकर निर्णायकों को प्रभावित किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ छात्रा की माता जी को विद्यालय की आचार्या दर्शना सिंह और नीलू कुमारी द्वारा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य बिनोद कुमार ने सुनिधि को प्रमाण पत्र सौंपकर पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में वैचारिक चिंतन, लेखन कौशल और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास में मील का पत्थर साबित होती हैं।

विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष डॉ अमरनाथ प्रसाद, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सुनिधि को बधाई देते हुए कहा कि विद्या भारती की यह पहल बच्चों में राष्ट्रभावना और संस्कारयुक्त शिक्षा को बढ़ावा देती है। इस मौके पर आचार्य राजेश कुमार पाठक, अनिल कुमार आजाद, मणि भूषण सिंहा सहित सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार