सुपौल से 15 लाख रुपये का लूटा गया लहसुन बरामद, गोदाम संचालक फरार
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। छपरा जिले के दिघवाड़ा थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूटे गए लहसुन से भरे ट्रक का पूरा माल सुपौल से बरामद किया गया है।
पुलिस ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 स्थित खूंटी टोला में छापेमारी कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य की 300 बोरी लहसुन जब्त की है। हालांकि कार्रवाई से पहले गोदाम संचालक फरार हो गया। दिघवाड़ा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि 21 जुलाई को मध्यप्रदेश से लहसुन लादकर एक ट्रक समस्तीपुर जा रहा था।
इसी दौरान आठ हथियारबंद अपराधियों ने ट्रक को रोककर चालक के साथ मारपीट की, उसे घायल कर सड़क किनारे छोड़ दिया और लहसुन से भरा ट्रक लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच दल का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर सबसे पहले लूटा गया ट्रक मुजफ्फरपुर से बरामद किया। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर सुपौल में छापेमारी की गई।
पुलिस ने खूंटी टोला स्थित अनिल चौधरी, पिता जगरनाथ चौधरी, के गोदाम से 300 बोरी लहसुन बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। छापेमारी की सूचना मिलते ही गोदाम संचालक फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि यह मामला केवल ट्रक लूट तक सीमित नहीं है, बल्कि लूटे गए माल की खरीद, भंडारण और आपूर्ति से जुड़े अंतरजिला नेटवर्क की ओर भी संकेत करता है।
जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि लूटे गए माल को सुपौल तक पहुंचाने और छिपाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित गोदाम का उपयोग पहले भी इस प्रकार के मामलों में किया गया था या नहीं। साथ ही लूट या चोरी का माल खरीदने, रखने अथवा छिपाने वाले लोगों की संलिप्तता मिलने पर उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बरामद लहसुन को पुलिस ने जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

