home page

छापेमारी के दौरान 90 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद

 | 
छापेमारी के दौरान 90 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद


बेतिया, 25 जून (हि.स.)। शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 लीटर नेपाली देसी चुलाई शराब बरामद की है।

गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के त्रिवेणी केनाल नहर के समीप छापेमारी कर यह सफलता हासिल की गई। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि नहर किनारे अवैध शराब की खेप रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।

पुलिस की भनक लगते ही शराब कारोबारी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके से 90 लीटर नेपाली देसी चुलाई शराब बरामद कर जब्त कर ली।

पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने गुरुवार को बताया कि मामले में अज्ञात शराब कारोबारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्कर की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक