सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता
सीवान, 10 जुलाई (हि.स.)। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच व एचपीवी टीकाकरण के महत्व को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लायंस क्लब वैदेही सीवान की ओर से विजय हाता रोड स्थित डिवाइन हॉस्पिटल में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से बीमारी की रोकथाम, पहचान और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. राम एकबाल गुप्ता तथा लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ई के जोन चेयरपरसन डॉ. रुपेश कुमार थे. विशिष्ट अतिथि के रूप में लायन अनुग्रह भारद्वाज उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता डॉ. कंचन माला एवं डॉ. प्रेम माला ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, शुरुआती लक्षण, नियमित स्क्रीनिंग और एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी.विशेषज्ञों ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और एचपीवी टीकाकरण से इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की. उनका कहना था कि जागरूकता ही इस बीमारी के खिलाफ सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
मुख्य अतिथियों ने लायंस क्लब वैदेही सीवान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता अभियान समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाकर ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लायन अचला तिवारी, सबिता कुमारी एवं मीरा कुमारी की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन क्लब की सचिव लायन डॉ. नेहा ने किया, जबकि अध्यक्षता लायन नाज़िया शादाब ने की। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनहितकारी अभियान निरंतर चलाता रहेगा। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को नियमित स्क्रीनिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न भी पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

