home page

जनगणना: फील्ड ट्रेनर एवं कार्यपालक सहायकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया प्रशस्ति पत्र

 | 
जनगणना: फील्ड ट्रेनर एवं कार्यपालक सहायकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया प्रशस्ति पत्र


भागलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड में जनगणना 2027 के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी फील्ड ट्रेनर एवं कार्यपालक सहायकों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण के लिए शनिवार को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। इसके लिए पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने वाले सभी फील्ड ट्रेनर एवं कार्यपालक सहायक बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में जुटे सभी कर्मियों ने टीम भावना के साथ कार्य कर प्रशासन का विश्वास मजबूत किया है।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी सौरभ कुमार, बीसीओ विकास कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार तथा सांख्यिकी पदाधिकारी सहित कई गणमान्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सभी अधिकारियों ने जनगणना कार्य में लगे कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ सका।

सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मियों ने इसे अपने कार्य के प्रति मिली प्रेरणा बताते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर