home page

केन्द्र सरकार की टीम ने सकरी चीनी मील का किया दौरा

 | 

मधुबनी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। केन्द्र सरकार की विशेष टीम बुधवार को मधुबनी जिले के सकरी पहुंची। यहां पर टीम ने प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल के लिए विचार मंथन किया।

सकरी में बुधवार को नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड, नई दिल्ली के मुख्य गन्ना सलाहकार डॉ आर बी डोले व तकनीकी सलाहकार केएम चौधरी द्वारा सकरी में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया । मौके पर सहकारी चीनी मिल की संभाव्यता प्रतिवेदन (फिजिबिलिटी रिपोर्ट) व विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के उद्देश्य से भूमि की स्थिति, संपर्क पथ, जल उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था, गन्ना उत्पादन क्षेत्र, परिवहन सुविधा सहित अन्य तकनीकी एवं भौगोलिक पहलुओं का गहन अवलोकन किया गया।

विशेषज्ञों ने कृषकों को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल से गन्ना का समुचित मूल्य मिलेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आर्थिक सशक्तिकरण एवं कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण अवसर पर कृषक संवाद के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला ईख (गन्ना) पदाधिकारी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने जिले में गन्ना उत्पादन की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं एवं सहकारी चीनी मिल की आवश्यकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विशेषज्ञ दल को उपलब्ध कराया।कहा कि चीनी मील का निर्माण क्षेत्रीय विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल की स्थापना से मधुबनी जिले के सकरी एवं आसपास के क्षेत्रों में गन्ना कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा। केन्द्रीय टीम के सदस्यों ने कहा कि यह परियोजना कृषि, उद्योग एवं सहकारिता के समन्वय से क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लम्बोदर झा