सारण में कल से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी
सारण, 01 मई (हि.स.)। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत सेल्फ एनुमरेशन की प्रक्रिया 1 मई की रात 12 बजे समाप्त हो जाएगी। जिले में इस प्रक्रिया के तहत कुल 73,564 परिवारो ने डिजिटल माध्यम से अपनी गणना स्वयं पूरी की है। अब कल से जिले में जनगणना का अगला चरण शुरू होने जा रहा है, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे।
इस चरण में मुख्य रूप से मकान सूचीकरण और आवास गणना का कार्य किया जाएगा। जिले भर में 7,467 प्रगणक और 1,269 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जबकि 1,034 कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। यह अभियान 31 मई तक चलेगा। जिन परिवारों ने स्वगणना कर ली है, उन्हें प्रगणकों को केवल अपनी स्वगणना आईडी देनी होगी। वहीं जिन्होंने स्वगणना नहीं की है, उनसे प्रगणक 33 निर्धारित प्रश्न पूछकर डेटा संकलित करेंगे। प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में पूर्ण सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का खाका तैयार करती है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी। इस बार की जनगणना डिजिटल इंडिया की झलक पेश कर रही है। डेटा संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप और आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया तेज और त्रुटिहीन हो सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

