home page

जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, सीवान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

 | 
जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, सीवान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ


सीवान, 09 मार्च (हि.स.)।

भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत सोमवार को सीवान समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष, अंबेडकर भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य के लिए नामित पदाधिकारियों एवं अन्य शासकीय सेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

पहले बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हुआ, जो 09 मार्च से 11 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगा।प्रथम बैच में आईटी मैनेजर, एनआईसी के नेटवर्क अभियंता, जनगणना कोषांग के सभी कर्मी, चार्ज स्तर के सभी लिपिक तथा अस्थायी तकनीकी सहायक शामिल हैं।

इस बैच में कुल 63 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण की शुरुआत निदेशालय स्तर से प्रतिनियुक्त पदाधिकारी द्वारा की गई।वहीं द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 12 मार्च से 14 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। इसमें अपर समाहर्ता (राजस्व), उप विकास आयुक्त, स्थापना उप समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सीवान सदर एवं महाराजगंज, नजारत उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, नगर परिषद सीवान के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा अन्य अपर चार्ज एवं चार्ज पदाधिकारी शामिल होंगे।

इसके अलावा सीवान सदर, हसनपुरा, दरौली, गोरियाकोठी, सिसवन, भगवानपुरहाट एवं महाराजगंज के अंचल पदाधिकारी भी प्रशिक्षण में भाग लेंगे। द्वितीय बैच में कुल 69 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रशासन का उद्देश्य जनगणना 2027 के कार्य को सटीक, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम तरीके से संपन्न करना है, जिसके लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma