home page

किशनगंज में जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया शुरू, 1 मई तक भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म

 | 
किशनगंज में जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया शुरू, 1 मई तक भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म


किशनगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के तहत किशनगंज जिले में स्वगणना प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है।

इसको लेकर जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान डीएम विशाल राज ने बताया कि स्वगणना कार्य 17 अप्रैल से 01 मई 2026 तक चलेगा। इस अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार एवं मकान से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी तथा लोगों को घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार जानकारी देने का अवसर मिलेगा। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in शुरू किया गया है। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद नागरिकों को कुल 34 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे।

जिलाधिकारी विशाल राज ने किशनगंज के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सभी लोग बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या का आंकड़ा नहीं है, बल्कि सरकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण एवं विकास कार्यों की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सही जानकारी से जिले एवं देश के विकास की दिशा तय होगी। सभी नागरिक मिलकर इस राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन करें और किशनगंज को सटीक एवं पूर्ण जनगणना में अग्रणी बनाने में सहयोग दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह