home page

बुनियाद केंद्र में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस आयोजित; बुजुर्गों का हुआ सम्मान, बंटे पेंशन पत्र व चश्मे

 | 
बुनियाद केंद्र में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस आयोजित; बुजुर्गों का हुआ सम्मान, बंटे पेंशन पत्र व चश्मे


कटिहार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला बुनियाद केंद्र, कटिहार में गुरुवार को विभागीय निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस गरिमामय एवं जागरूकतापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. नेहा कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों के अधिकार, सम्मान, सशक्तिकरण तथा समाज में उनके समावेशन को बढ़ावा देना रहा।

समारोह के दौरान पात्र वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र एवं चश्मे का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित सभी लोगों को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इससे पूर्व, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे बुजुर्गों का नन्हें बच्चों ने गुलाब का फूल देकर आत्मीय स्वागत किया, जिसके बाद प्रशासन की ओर से उन्हें शॉल व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सक्रिय और स्वस्थ वृद्धावस्था, अंतरपीढ़ीगत जुड़ाव (इंटरजनरेशनल बॉन्डिंग) तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। अधिकारियों ने उपस्थित बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके बेहतर व सुरक्षित जीवन के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक श्रीमती यशस्वी सहित सामाजिक सुरक्षा एवं बुनियाद केंद्र के सभी कर्मी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह