home page

कार से ले जाए जा रहे 148 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार

 | 
कार से ले जाए जा रहे 148 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार


बेतिया, 16 मई (हि.स.)। बेतिया जगदीशपुर पुलिस ने नेपाल से कार में छिपाकर ले जाए जा रहे 148 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। तस्करों के पास से 7500 नेपाली रुपये और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।

थानाध्यक्ष निशी कुमारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की मध्य रात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि एक उजले रंग की हुंडई कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर नानोसती चौक की ओर से जगदीशपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।इसके बाद जगदीशपुर चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर घेराबंदी की गई। इस दौरान तेज गति से आ रही उजले रंग की हुंडई कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कार से 148 किलो गांजा, 7500 नेपाली रुपये और एक मोबाइल बरामद हुआ।

मौके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.जब्त गांजा की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार तस्करों की पहचान इनरवा थाना क्षेत्र के खामियां निवासी नरेंद्र शाह तथा गौनाहा थाना क्षेत्र के सेमरा श्रीरामपुर निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि गांजा की खेप नेपाल से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में कांड दर्ज कर दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक