home page

निर्मली बाजार में कार और ऑटो की टक्कर, बाइक सवार समेत पांच घायल

 | 
निर्मली बाजार में कार और ऑटो की टक्कर, बाइक सवार समेत पांच घायल


सुपौल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली बाजार में एनएच-327 ई पर कार और ऑटो रिक्शा की टक्कर में बाइक सवार समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे में दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए भोला मंडल मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्मली से पिपरा की ओर जा रहे ऑटो की सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से टक्कर हो गई। टक्कर की चपेट में एक बाइक भी आ गई। हादसे में ऑटो सवार लोगों और बाइक पर सवार युवकों को चोटें आईं।

घायलों में निर्मली निवासी मोहम्मद रज्जाक, उनकी पत्नी मंशा खातून और मोहम्मद मोती शामिल हैं। वहीं, बाइक पर जदिया निवासी रूपेश मुखिया और बालकृष्ण मुखिया सवार थे। दोनों सुपौल की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार के अनुसार, बाइक और ऑटो चालकों की हालत नाजुक है, जबकि अन्य घायलों को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पिपरा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने वाहन चालकों को आपस में मामला सुलझाने को कहा। इस संबंध में थानाध्यक्ष किशोर कुमार से संपर्क नहीं हो सका।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र