home page

कैंसर जन-जागरूकता, परामर्श और प्राथमिक जांच शिविर का आयोजन

 | 
कैंसर जन-जागरूकता, परामर्श और प्राथमिक जांच शिविर का आयोजन


भागलपुर, 16 मार्च (हि.स.)। कैंसर के बढ़ते खतरों के बीच सोमवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के परिसर में एक उम्मीद की किरण दिखी। बिहार कैंसर केयर ऑर्गनाइजेशन और जेएलएनएमसीएच के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर जन-जागरूकता, परामर्श और प्राथमिक जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में शहर के नामचीन चिकित्सकों और विशेषज्ञों का हुजूम उमड़ा, जिन्होंने कैंसर से लड़ने के लिए अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीसीसीओ के चेयरमैन नवीन झा ने संस्था के भविष्य का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि कैंसर को पनपने से पहले पहचानना है। कैंसर का नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं, लेकिन सही जानकारी और समय पर जांच से इसे हराया जा सकता है। बीसीसीओ इलाज को सुलभ और सस्ता बनाने के साथ-साथ मरीजों को आर्थिक और भावनात्मक संबल देने के लिए प्रतिबद्ध है।

झा ने बताया कि संस्था अब केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगी। बिहार के सभी 38 जिलों में पंचायत स्तर से लेकर राजधानी पटना और दिल्ली तक एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जा रहा है इसके लिए हेल्पलाइन नंबर, सोशल मीडिया अभियान और वॉलंटियर्स का एक बड़ा नेटवर्क तेजी से खड़ा किया जा रहा है, ताकि किसी भी गांव के मरीज को भटकना न पड़े। इस अवसर पर जेएलएनएमसीएच के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और चिकित्सकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कैंसर की प्राथमिक जांच के महत्व पर प्रकाश डाला और बीसीसीओ की इस पहल को समाज के लिए क्रांतिकारी बताया। कार्यक्रम के दौरान कई मरीजों को प्राथमिक परामर्श भी दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर