home page

अभियान बसेरा के तहत 3 डिसमिल जमीन के लिए आवेदन का अंतिम दिन, पिपरा अंचल में उमड़ी भीड़

 | 
अभियान बसेरा के तहत 3 डिसमिल जमीन के लिए आवेदन का अंतिम दिन, पिपरा अंचल में उमड़ी भीड़


सुपौल, 28 सितंबर (हि.स.)। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अभियान बसेरा 2.0 के तहत भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतिम दिन सोमवार को पिपरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 3 डिसमिल जमीन के लिए आवेदन जमा करने को लेकर सुबह से ही कार्यालय परिसर में महिला और पुरुष आवेदकों की लंबी कतारें लगी रहीं।

सुबह करीब 10 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग अपने हाथों में आधार कार्ड, आवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज और आवेदन पत्र लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचने लगे। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में आवेदकों की भीड़ बढ़ गई। अंतिम दिन आवेदन जमा करने की जल्दबाजी के कारण दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई आवेदकों ने बताया कि वे पिछले दो-तीन दिनों से आवेदन जमा करने के लिए कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे, लेकिन किसी कारण से आवेदन जमा नहीं हो सका।

सोमवार को अंतिम दिन होने की जानकारी के बाद वे सुबह ही कार्यालय पहुंच गए। पिपरा सीओ आकांक्षा ने बताया कि अभियान बसेरा 2.0 के तहत भूमिहीन परिवारों से आवेदन लेने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। 22 से 25 सितंबर तक संबंधित पंचायत सरकार भवनों में विशेष कैंप लगाकर आवेदन लिए गए, जबकि 22 से 28 सितंबर तक अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि आवेदन जमा करने वाले प्रत्येक आवेदक को पावती रसीद उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आवेदन जमा होने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और आवेदक के पास भी आवेदन जमा करने का प्रमाण रहेगा।

सीओ ने स्पष्ट किया कि 28 सितंबर को विशेष कैंप का अंतिम दिन है, लेकिन जो पात्र परिवार किसी कारणवश विशेष अभियान के दौरान आवेदन जमा नहीं कर पाते हैं, वे सामान्य दिनों में भी अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र परिवारों का सत्यापन किया जाएगा। जांच में पात्र पाए जाने वाले भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार वास भूमि का पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा। बड़ी संख्या में गरीब और भूमिहीन परिवार इस योजना के माध्यम से अपने लिए आवासीय जमीन मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। अंतिम दिन कार्यालय परिसर में उमड़ी भीड़ से भी योजना के प्रति लोगों की रुचि का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र