home page

राघोपुर में जमाबंदी अद्यतन विशेष कैंप का एडीएम ने किया निरीक्षण

 | 
राघोपुर में जमाबंदी अद्यतन विशेष कैंप का एडीएम ने किया निरीक्षण


राघोपुर में जमाबंदी अद्यतन विशेष कैंप का एडीएम ने किया निरीक्षण


सुपौल, 25 सितंबर (हि.स.)। अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने शुक्रवार को राघोपुर अंचल में चल रहे जमाबंदी अद्यतन के विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों एवं कृषि समन्वयकों के साथ जमाबंदी अद्यतन कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान तीन कृषि समन्वयक उपस्थित पाए गए। कृषि समन्वयकों ने बताया कि अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों से संबंधित कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें कुछ मामले मृत रैयतों से संबंधित हैं, जबकि कुछ जमाबंदियों में त्रुटियां पाई गई हैं। अपर समाहर्ता ने प्रत्येक कृषि समन्वयक को 20-20 आवेदन पूर्ण रूप से तैयार कर जमा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को विभागीय निर्देशों के अनुरूप त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से जमाबंदी अद्यतन का कार्य करने को कहा। विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई त्रुटिपूर्ण जमाबंदियों की सूची के आधार पर प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता ने अंचल अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी को राजस्व के मूल कार्यों का भी समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। इनमें ऑनलाइन म्यूटेशन, परिमार्जन, लगान वसूली, ई-मापी सहित अन्य राजस्व कार्य शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान अभियान बसेरा-2 के तहत आवेदन प्राप्त करने के कार्य की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि पंचायत स्तर पर आवेदन प्राप्त करने की निर्धारित अवधि 25 सितंबर को समाप्त हो गई है, जबकि अंचल कार्यालय में 28 सितंबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

अपर समाहर्ता ने अंचल अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों को अभियान बसेरा-2 के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन करने तथा पात्र लाभुकों के लिए भूमि चिन्हित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र