home page

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जलाया प्रभारी कुलपति का पुतला

 | 
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जलाया प्रभारी कुलपति का पुतला


भागलपुर, 25 मई (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। इंटर्नशिप के नाम पर 500 रुपये की अवैध वसूली के आरोप को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जब टीएनबी महाविद्यालय पहुंचे थे, तब वहां के प्रोफेसर डॉक्टर नीलेश पर छात्र-छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा। इस घटना के बाद छात्र संगठन में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति डॉ. विमलेंदु नारायण झा का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हितों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक प्रोफेसर डॉक्टर नीलेश को निलंबित नहीं किया जाता तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर