जीरोमाइल मुसहरी टोला में भीषण अगलगी, पांच घर जलकर खाक; लाखों की संपत्ति नष्ट
भागलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)।
शहर के जीरोमाइल स्थित मुसहरी टोला में सोमवार दोपहर खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास के पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग की चपेट में आने से एक बकरी की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजन के अनुसार, घटना के समय घर के भीतर करीब 15 लोग मौजूद थे और बच्चे टीवी देख रहे थे। आग की लपटें उठते देख परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले बच्चों और अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने के करीब 10 मिनट बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में पंकज मलिक, अंकज मलिक, प्रदीप मलिक, ज्योति देवी, छोटू मलिक और कैलाश मलिक समेत अन्य परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह उजड़ गई है। पीड़ितों ने बताया कि आग में टीवी, एलसीडी, दो गोदरेज अलमारी, दो पलंग, कुर्सियां, कपड़े, बर्तन और खाने-पीने का राशन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। अब इन परिवारों के सामने सिर छिपाने और भोजन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
आगजनी के बाद पीड़ित परिवारों में प्रशासन के प्रति रोष देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी टोले में आग लगी थी, जिसमें काफी नुकसान हुआ था, लेकिन प्रशासन की ओर से आज तक कोई मुआवजा नहीं मिला। पीड़ितों ने जिला प्रशासन और सरकार से जल्द से जल्द क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

