home page

योग शिविर और नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान में उमड़ा जनसैलाब

 | 
योग शिविर और नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान में उमड़ा जनसैलाब


किशनगंज, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित नशा मुक्त सप्ताह के पांचवें दिन रविवार को खेल भवन, किशनगंज में योग शिविर एवं नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लिया। योग और नशा मुक्ति को एक साथ जोड़ते हुए आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से की। योग शिविर के दौरान प्रशिक्षित योग गुरुओं ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का विकास होता है। योग को आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न अनेक समस्याओं के प्रभावी समाधान के रूप में भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उनकी सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम-से-कम एक घंटा योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मकता और संतुलन भी लाता है।

जिलाधिकारी ने नशा मुक्ति अभियान पर जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इससे न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वच्छ बिहार, स्वच्छ किशनगंज और स्वच्छ भारत के निर्माण का मजबूत आधार बन सकता है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए योग, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियां अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग यदि अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने सभी लोगों से नशा छोड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन ने बताया कि 26 जून तक चलने वाले नशा मुक्त सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, स्लोगन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह