home page

पश्चिम बंगाल के चार स्मैक सप्लायर गिरफ्तार,1.035 किलो स्मैक, कार और अन्य समान बरामद

 | 
पश्चिम बंगाल के चार स्मैक सप्लायर गिरफ्तार,1.035 किलो स्मैक, कार और अन्य समान बरामद


अररिया 02 मई(हि.स.)। सीमांचल में स्मैक के फैले नेटवर्क को तोड़ने के लिए अररिया जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है।बड़े पैमाने पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से स्मैक के साथ स्थानीय कारोबारी पकड़े गए लेकिन पहली बार अररिया जिला पुलिस ने लोकल में स्मैक के कारोबार करने के लिए सप्लाय करने वाले चार सप्लायरों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार चारों सप्लायर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं।नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर एनएच 27 न्यू मरंगा ढाबा के समीप पक्की सड़क पर कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार किया। पश्चिम बंगाल के मालदा से चारों स्मैक को लेकर डिलीवरी करने के लिए आया था।जानकारी शनिवार को एसपी जितेन्द्र कुमार ने दी।

एसपी ने बताया कि नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली,जिसके बाद एक छापेमारी दल का गठन किया गया।सूचना पर छापेमारी दल एनएच 27 न्यू मरंगा ढाबा पक्की सड़क पर सूचना के अनुसार चार युवकों को देख,जिसके बाद पुलिस ने हुंडई कार निबंधन संख्या डब्लूबी 02 एक्यू 3598 की तलाशी ली।तलाशी के क्रम में कार के डैशबोर्ड में रखे टूल बॉक्स से एक किलो 35 ग्राम स्मैक की बरामदगी की गई।इससे पहले 26 अप्रैल को जीरो माइल के पास से पुलिस ने हैदर की गिरफ्तारी की थी।हैदर अपनी बहन लीलो को स्मैक पहुंचाने के लिए आया था,जिसे पुलिस ने दबोचा था।

एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार सप्लायर में पश्चिम बंगाल के मालदा जिला के आलिया चौक थाना क्षेत्र के सुजापुर निवासी 21 वर्षीय मो. उमेर अली पिता शरीफ अली,दूसरा मालदा जिला के कलियाचक थाना क्षेत्र फतेखानी के रहने वाले 19 वर्षीय मो.रोहित शेख पिता हाजीकुल अंसारी,तीसरा कलियाचक थाना क्षेत्र के ही बलुआ चारा गांव के 27 वर्षीय सबीरुल शेख पिता गेनाइल शेख और चौथा 19 वर्षीय सदीकुल पिता दुलाल है।मामले में पुलिस ने नगर थाना में कांड संख्या 230/26 दिनांक 01 मई 2026 बीएनएस की धारा 111(4) एवं 8(सी),21(सी),25 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने स्मैक,कार के साथ चार मोबाइल, उमेर अली का ड्राइविंग लाइसेंस,दो वोटर आईकार्ड और अन्य समान बरामद किए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर