ऑपरेशन नार्कोस: बारसोई स्टेशन पर 2 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 07 अगस्त (हि.स.)। कटिहार रेलमंडल के बारसोई रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुरुवार देर रात चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने करीब 2 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये मूल्य की 512 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात कुमेदपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर संयुक्त जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान एक युवक पीले रंग का कैरी बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। आरपीएफ बारसोई के एसआईपीएफ शुभम कुमार और जीआरपी कुमेदपुर की टीम ने उसे रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान जब कैरी बैग की बारिकी से छानबीन की गई, तो उसमें रखे एनर्जी ड्रिंक के पांच टिन कैनों को विशेष रूप से काटा हुआ पाया गया। तस्कर ने इन टिन कैनों के भीतर पारदर्शी पैकेटों में संदिग्ध ब्राउन शुगर छिपा रखी थी। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 512 ग्राम निकला।
पकड़े गए आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के 26 वर्षीय राहिल शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और रेल टिकट भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वह इस अवैध खेप को कालियागंज से लाकर कटिहार रेलवे स्टेशन के बाहर एक अन्य व्यक्ति को सौंपने जा रहा था।
जीआरपी ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत संदिग्ध ब्राउन शुगर, टिन कैन, मोबाइल फोन, कैरी बैग और रेल टिकट को जब्त कर लिया है। चूंकि घटना से जुड़े कुछ क्षेत्र बंगाल के अंतर्गत आते हैं, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई कुमेदपुर रेल थाना में की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की इस बड़ी कार्रवाई से मादक पदार्थों के तस्करों में हड़कंप मच गया है। उल्लेखनीय है कि रेलमंडल में आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार इस प्रकार के सघन अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

