home page

सेवानिवृत्त कर्मी से रिश्वत लेते प्रधान लिपिक को निगरानी ने किया गिरफ्तार

 | 
सेवानिवृत्त कर्मी से रिश्वत लेते प्रधान लिपिक को निगरानी ने किया गिरफ्तार


पूर्वी चंपारण,17 मार्च (हि.स.)।जिले के कल्याणपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने कल्याणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के प्रधान लिपिक रवि कुमार चतुर्वेदी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिससे सरकारी कर्मियो में हड़कंप व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार,प्रधान लिपिक रवि कुमार चतुर्वेदी स्वास्थ विभाग के एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी भरत ठाकुर से उनके जीपीएफ और अन्य बकाये के भुगतान कराने के बदले रिश्वत की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपित ने कुल राशि का 2 प्रतिशत बतौर कमीशन मांगा था। रिटायर्ड कर्मी ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी, जिसके बाद डीएसपी विप्लव कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने मंगलवार को इस छापेमारी को अंजाम दिया। जैसे ही पीड़ित भरत ठाकुर ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये आरोपी रवि कुमार चतुर्वेदी को थमाया, पहले से ही घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से रिश्वत की रंगी हुई नकदी बरामद कर ली गई है।

निगरानी डीएसपी विप्लव कुमार ने बताया कि विभाग को भ्रष्टाचार की पुख्ता शिकायत मिली थी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर पटना ले जाया जा रहा है, जहाँ विशेष निगरानी कोर्ट में उन्हें पेश किया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य करने के बाद अवैध उगाही करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।इस कारवाई के बाद भ्रष्टाचार में संलिप्त अन्य कर्मियों के बीच भय व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार