छपरा में ब्रह्माकुमारीज़ ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 10 करोड़ लोगों को जोड़ने का लिया संकल्प
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)।ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत छपरा में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित रहा।
स्थानीय सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी अनामिका ने बताया कि संस्था द्वारा देशभर में अब तक 30,000 से अधिक नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित कर 4 करोड़ से अधिक लोगों तक संदेश पहुँचाया गया है। साथ ही 3 करोड़ से अधिक नागरिक राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा ले चुके हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि एक सशक्त और मूल्यनिष्ठ जनआंदोलन खड़ा करना है, ताकि समाज से नशे की जड़ें पूरी तरह समाप्त हो सकें।
कार्यक्रम में बीके प्रियांशु ने कहा कि नशे की स्थायी रोकथाम केवल बाहरी नियंत्रण या दवाइयों से संभव नहीं है। तनाव, अकेलापन और निराशा व्यक्ति को नशे की ओर धकेलता है। राजयोग मेडिटेशन आत्मबल, निर्णय क्षमता और भावनात्मक संतुलन को मजबूत कर नशामुक्त जीवन अपनाने की आंतरिक शक्ति देता है। अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

