home page

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एसएसबी 56वीं वाहिनी में योगाभ्यास, जवानों-ग्रामीणों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

 | 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एसएसबी 56वीं वाहिनी में योगाभ्यास, जवानों-ग्रामीणों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प


अररिया, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी मुख्यालय, बथनाहा में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एसएसबी के अधिकारियों, जवानों, कर्मचारियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग दिवस के उपलक्ष्य में वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ सभी बाह्य सीमा चौकियों पर भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद वाहिनी के योग प्रशिक्षक अजीत कुमार ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के आधार पर प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान स्वस्थ जीवनशैली और दीर्घायु के लिए योग के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ मानसिक संतुलन और भावनात्मक मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की व्यस्तता और तनावपूर्ण परिस्थितियों में योग व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। योग न केवल रोगों से बचाव का माध्यम है, बल्कि यह स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति भी है।

कार्यक्रम के दौरान किए गए विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। जवानों और ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

योग कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और योग, स्वास्थ्य तथा भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को एसएसबी की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों के लिए योग विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि यह शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और एकाग्रता को भी मजबूत करता है। योग के माध्यम से जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. सबाना, अधीनस्थ अधिकारी, अन्य बल कार्मिक, एलपीआई कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योगाभ्यास करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।--------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर