बिहार में एक घंटे के विशेष अभियान में 47,958 वाहनों की जांच, 750 से अधिक गिरफ्तार
पटना, 28 सितंबर (हि.स.)। बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गृह विभाग के प्रधान सचिव के निर्देश पर राज्यव्यापी विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। बिहार पुलिस, रेल पुलिस तथा मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की ओर से चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व संबंधित जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अनपमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने किया।
रविवार की रात 9 से 10 बजे तक चले एक घंटे के अभियान के दौरान राज्यभर में व्यापक गश्ती, वाहन जांच और त्वरित कार्रवाई की गई। कुल 47,958 वाहनों की जांच की गई और 750 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पटना, नालंदा, गयाजी, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, सारण और सीवान समेत अन्य जिलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन जांच के साथ वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध शराब तथा मादक पदार्थों की बरामदगी पर विशेष ध्यान दिया।
47,718 वाहनों की जिला पुलिस ने की जांच
जिला पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान में 47,718 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 3,660 वाहनों से कुल 56,00,054 रुपये की राशि वसूल की गई। कार्रवाई के दौरान 110 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने 736 अभियुक्तों और 116 वारंटियों को गिरफ्तार किया। शराब के नशे में पाए गए 29 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान अवैध शराब और मादक पदार्थों की भी बड़ी मात्रा में बरामदगी हुई। पुलिस ने 1,169.63 लीटर देशी शराब, 3,482.482 लीटर विदेशी शराब, 216 ग्राम स्मैक, 3.17 ग्राम हेरोइन और 3.37 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसके अलावा चार हथियार, एक कारतूस, 54 मोबाइल फोन और 9,31,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
रेल पुलिस ने नौ अभियुक्त और एक वारंटी पकड़ा
रेल पुलिस ने भी अपने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 240 वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई में नौ अभियुक्तों और एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया। रेल पुलिस ने 55.3 लीटर देशी शराब, 205.13 लीटर विदेशी शराब, छह मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए।
पटना में मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की कार्रवाई
पटना में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने भी अभियान चलाकर 131 दुकानों की जांच की। गांधी मैदान क्षेत्र से 74 लीटर आईएमएफएल, एक ऑटो, एक बुलेट, एक स्कूटी, 50 एटीएम, पासबुक एवं चेकबुक तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। कोतवाली क्षेत्र से 280 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन, जबकि शास्त्रीनगर क्षेत्र से 37 पीस सिगरेट, गांजा और सात पीस गोगो बरामद किए गए। इन कार्रवाइयों में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
जब्त 50 एटीएम से जुड़ी संभावित आर्थिक आपराधिक गतिविधियों की सघन जांच के लिए साइबर इकाई को निर्देश दिया गया है। इसके जरिए एटीएम के इस्तेमाल और उससे जुड़े लेनदेन की जानकारी जुटाई जाएगी।
राज्यव्यापी अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने तथा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर दिया गया। गृह विभाग की ओर से अभियान की निगरानी की गई। जिला पुलिस, रेल पुलिस तथा मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के समन्वित प्रयास से अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
गृह विभाग के प्रधान सचिव ने संबंधित सभी इकाइयों को इस तरह के अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अभियान के दौरान सामने आए मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

