home page

एसएसबी ने नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 90 बोतल शराब की जब्त , तस्कर फरार

 | 
एसएसबी ने नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 90 बोतल शराब की जब्त , तस्कर फरार


अररिया, 17 जून (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 52वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी सोनापुर के विशेष गश्ती दल ने बुधवार को नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 90 बोतल शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक को जब्त किया। हालांकि गश्ती दल को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर नेपाल सीमा क्षेत्र की ओर फरार हो गए।

एसएसबी के अनुसार, विशेष गश्ती दल सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त पर था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। सुरक्षा बलों की मौजूदगी देखकर तस्कर बाइक छोड़कर सीमा पार नेपाल की दिशा में भाग निकले।

तलाशी के दौरान बाइक से 90 बोतल शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 27 लीटर बताई गई है। जब्त शराब और बाइक को एसएसबी ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक संदिग्ध प्रतीत हो रही है। वाहन के दस्तावेजों और अन्य विवरणों की जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक चोरी की हो सकती है। इस संबंध में संबंधित एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब एवं अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। जब्त शराब और वाहन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर