सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी : मुख्यमंत्री
पटना, 10 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित गंगटा मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त माह के लिए 105.68 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रति व्यक्ति है 1100 रुपये की दर से कुल 1233.87 करोड रुपये का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया। योजना से इस बार 98,896 नए लाभार्थी जुड़े हैं। मौके पर उन्होंने कहा कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 333 के किलोमीटर 28.340 (गंगटा) से किलोमीटर 38.340 (कोडवरवा) मोड़ तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास किया।
मौके पर संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों को 1,100 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। अगस्त 2026 की पेंशन के रूप में 105.68 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,233.87 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। पेंशन की राशि निर्धारित समय पर लाभार्थियों के खाते में पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए हर माह की 10 तारीख पेंशन भुगतान के लिए निर्धारित की गई है। इस बार 98,896 नए लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार द्वारा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-333 पर किमी 28.340 (गंगटा) से किमी 38.340 (कोहबरवा मोड़) तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की परियोजना का शिलान्यास किया गया। परियोजना का उद्देश्य इस मार्ग को अधिक बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाना है। बेहतर सड़क संपर्क से मुंगेर, जमुई और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा विकास की गति तेज होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। 30 लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। सरकार की तरफ से बाढ़ राहत कार्य किये जा रहे हैं। बक्सर से लेकर भागलपुर तक गंगा नदी के पानी का बांधना है। बक्सर से शुरू होकर भागलपुर में गंगा नदी की धारा काफी चौड़ी हो जाती है, इसको हमलोगों को ठीक करना है, तभी बाढ़ से राहत मिलेगी। बांग्लादेश के साथ हुए समझौते के तहत गंगा नदी का पानी हमलोग सिर्फ चार महीने जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में ही ले सकते हैं। बांग्लादेश के साथ जल संधि में बिहार के हित का ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि पूरे साल गंगा नदी के पानी का हमलोग इस्तेमाल कर सकें। बिहार को जब आवश्यकता हो तब वह पानी ले सके, इस प्रावधान को फरक्का जल समझौते में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 01 सितंबर से 30 नवंबर तक पूरे बिहार में लोगों की स्वास्थ्य जांच को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत करीब साढ़े 6 करोड़ लोगों का स्वास्थ्य जांच किया जायेगा। हेल्थ चेकअप के बाद इलाज की भी व्यवस्था की जाएगी। 17 सितंबर से सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान शुरू किया जायेगा। इसके तहत स्कूल में इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक किया जायेगा। स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जहां शौचालय की व्यवस्था नहीं है, वहां शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इसी माह तारापुर एवं हवेली खड़गपुर में कोर्ट शुरु हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र का लगभग 150 करोड़ की परियोजना के तहत वन क्षेत्र को विकसित किया जायेगा। भीम बांध का ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक महत्व है। भीम बांध क्षेत्र के जंगलों का विकास एवं सौंदर्गीकरण का काम किया जायेगा। यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर की संरचनायें विकसित करने के साथ-साथ जंगल में ट्रैकिंग, होटल आदि की सुविधायें विकसित करायी जायेगी ताकि देश-विदेश से पर्यटक यहां आ सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

