home page

जहानाबाद में श्रावणी महोत्सव-2026 का आयोजन, लोक कला और संगीत ने बांधा समां

 | 
जहानाबाद में श्रावणी महोत्सव-2026 का आयोजन, लोक कला और संगीत ने बांधा समां


जहानाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। जहानाबाद के अब्दुल बारी नगर भवन (टाउन हॉल) में रविवार को श्रावणी महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन खान एवं भूतत्व विभाग तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने किया।

महोत्सव का सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय कलाकारों की संगीत मंडली की प्रस्तुति से शुरू हुआ। इसके बाद स्वरांगन सांस्कृतिक कल्याण सेवा समिति के कलाकारों ने पारंपरिक बारहमासा लोक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

कार्यक्रम में अमर आनंद, मनीषा श्रीवास्तव, रिया सिंह, अनन्या पांडे और कंचन पार्वती ने गायन की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान नगर भवन परिसर में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में जहानाबाद के जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (राजस्व), अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, निदेशक एनईपी और जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, श्रावणी महोत्सव के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और संगीत को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी