home page

बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

 | 
बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’


पटना, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को लेकर बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर राज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की समीक्षा की।

बैठक में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों तथा विभाग द्वारा नोडल के रूप में संचालित गतिविधियों की तैयारियों पर चर्चा हुई। मंत्री ने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और संबंधित विभागों तथा जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि कला और संस्कृति के माध्यम से सेवा, समर्पण तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक दलों, युवाओं और आम लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।

मंत्री ने ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में करीब 18 से 20 नाट्य एवं नुक्कड़ नाट्य टोलियों की पहचान कर उन्हें अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। इन दलों के माध्यम से सेवा, समर्पण, विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

मंत्री ने विद्यालयों में होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठकों (पीटीएम) के दौरान भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को अभियान से जोड़ा जा सके।

बैठक में बताया गया कि जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी आधारित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसमें युवाओं और स्थानीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा के समापन स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थी संवाद और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि आयोजनों को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सांस्कृतिक संसाधनों और प्रतिभाओं के अधिकतम उपयोग का निर्देश दिया।

अभियान के तहत भारत की विकास यात्रा से जुड़ी 25 प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली क्यूरेटेड किट भी तैयार की जाएगी। इसमें योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी के साथ क्यूआर कोड शामिल होंगे। यह किट निर्धारित गणमान्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

डॉ. प्रमोद कुमार ने अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, रील्स और अन्य डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने से युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी।

मंत्री ने बिहार की लोक कला, लोक संगीत और लोक नाट्य की समृद्ध परंपरा को अभियान से जोड़कर इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी