home page

संसाधनों के अपव्यय पर रोक और हर खर्च को परिणामदायी बनाना जरूरी : बिजेंद्र यादव

 | 

-बिहार एसडीजी कॉन्क्लेव-2026 का समापन

पटना, 21 अगस्त (हि.स.)। बिहार में सतत एवं समावेशी विकास को गति देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय बिहार सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) कॉन्क्लेव-2026 का शुक्रवार को अधिवेशन भवन, पटना में समापन हुआ। समापन सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार ने वित्तीय क्षेत्र में अच्छा कार्य किया है, लेकिन विकास को गति देने के लिए संसाधनों के अपव्यय को नियंत्रित करना और प्रत्येक खर्च को परिणामदायी बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि समय के साथ जरूरतें बदलती हैं, इसलिए समय और तकनीक के अनुरूप स्वयं को भी बदलना होगा। विकास एक सतत प्रक्रिया है और इसके लिए संसाधनों का उचित उपयोग, नई तकनीक को अपनाना तथा बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करना जरूरी है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार मौसम सेवा केंद्रों के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में है और पंचायत स्तर तक मौसम पूर्वानुमान उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “ज्ञान, विज्ञान और ईमान से काम करें, फिर हम सम्मान की अपेक्षा करें।”

विकसित बिहार@2047 पर हुआ मंथन

“विकसित बिहार@2047 की ओर तीव्र प्रगति” विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव में आर्थिक परिवर्तन, समावेशी विकास, जिला आधारित योजना, एसडीजी के स्थानीयकरण और विकसित बिहार@2047 की प्राथमिकताओं पर विस्तार से मंथन किया गया।

समापन सत्र में वक्ताओं ने सतत विकास लक्ष्यों को राज्य की विकास योजनाओं से जोड़ने, स्थानीय स्तर पर इनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी