home page

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मनाई गई पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा की 110वीं जयंती

 | 
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मनाई गई पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा की 110वीं जयंती


-लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को किया गया याद

पटना, 12 जुलाई (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी और वरिष्ठ राजनेता सत्येंद्र नारायण सिन्हा की 110वीं जयंती रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने की।

इस अवसर पर राजेश राठौड़ ने सत्येंद्र नारायण सिन्हा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र नारायण सिन्हा ने अपने सार्वजनिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, स्वच्छ राजनीति और जनसेवा की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी प्रासंगिक है। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा।

राजेश राठौड़ ने कहा कि सत्येंद्र नारायण सिन्हा का राजनीतिक जीवन सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों पर आधारित था। उन्होंने बिहार के विकास तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्श और विचार आज भी जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सत्येंद्र नारायण सिन्हा के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में न्याय, समानता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सत्येंद्र नारायण सिन्हा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

इस अवसर पर अरविंद लाल रजक, नदीम अंसारी, रंजीत कुमार बाल्मीकि, अजीत कुमार शुक्ला, माला कुमार, नलिन कुमार, बिपिन झा तथा दिनेश कुमार सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त