मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 75वें जन्मदिन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी शुभकामनाएं
पटना, 01 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार में सुशासन स्थापित करने वाला नेता बताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत प्रशासनिक क्षमता और जनकल्याण के प्रति समर्पण ने राज्य को विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके मार्गदर्शन में बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ईश्वर मुख्यमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु प्रदान करें, ताकि वे निरंतर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहकर प्रदेश और समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई साहसिक एवं ऐतिहासिक निर्णय लेकर ‘न्याय के साथ विकास’ की अवधारणा को मजबूत किया तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हुए बिहार को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने का कार्य किया है।
संजय सरावगी ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व तथा केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में विकसित राज्यों की श्रेणी में अपना स्थान बनाएगा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

