नालंदा भगदड़ पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक, हर संभव सहायता का आश्वासन
पटना, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार के नालंदा जिले में स्थित माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख व्यक्त किया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताया।
उपमुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही, उन्होंने घायलों और मृतकों के परिजनों के प्रति भी सहानुभूति प्रकट की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
सम्राट चौधरी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्राप्त हो। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

