home page

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना से मुजफ्फरपुर के ग्रामीण क्षेत्रों को मिली मजबूत सड़क संपर्कता

 | 

पटना, 26 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के ग्रामीण अंचलों को सुरक्षित, सुगम और सुदृढ़ संपर्कता प्रदान करने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा मुजफ्फरपुर जिले में ‘मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना’ के अंतर्गत व्यापक स्तर पर सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से जिले के सुदूर गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ते हुए मजबूत सड़क संपर्क सुनिश्चित किया गया है।

ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से रविवार को बताया गया कि मुजफ्फरपुर जिले में कुल 2,599 किलोमीटर लंबाई वाले 1,831 ग्रामीण पथों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। इनमें से अब तक 2,374 किलोमीटर लंबी 1,645 पक्की सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इन सड़कों का निर्माण उच्च तकनीकी मानकों के अनुरूप किया गया है, जिससे उनकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो सके।

विभाग के अनुसार, इन सुदृढ़ सड़कों ने जिले में ग्रामीण संपर्कता को नई स्थिरता प्रदान की है, जिससे हर मौसम में निर्बाध आवागमन संभव हुआ है। पहले जहां बरसात या अन्य मौसमों में कच्चे और जर्जर रास्तों के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब पक्की सड़कों के निर्माण से यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।

ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार, ग्रामीण सड़कों के निर्माण से स्थानीय विकास को भी एक मजबूत आधार मिला है। गांवों और बाजारों के बीच की दूरी कम हुई है, जिससे किसानों, व्यापारियों और आम ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा हो रही है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।

इस व्यापक संपर्क विस्तार का सबसे अधिक लाभ आम लोगों को मिल रहा है। अब गांवों तक वाहनों की पहुंच आसान हो गई है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले से अधिक सुलभ हो गई है। स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचने में लगने वाला समय कम हुआ है, जिससे ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

ग्रामीण कार्य विभाग का मानना है कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत इस प्रकार के कार्य न केवल आधारभूत संरचना को मजबूत कर रहे हैं, बल्कि गांवों के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी